हरियाणा में कामयाब  "बेटी बचाओ बेटी पढाओ" अभियान

हरियाणा में कामयाब  "बेटी बचाओ बेटी पढाओ" अभियान


रोहतक। मनोज प्रभाकर 


प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा हरियाणा के जिला पानीपत से शुरू किए गए राष्ट्र स्तरीय ‘बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ’ अभियान और मुख्यमंत्री मनोहर लाल द्वारा इस अभियान के सफल क्रियान्वयन के बाद हरियाणा में 5 वर्षों में 923 का लिंगानुपात हो गया है।


  हरियाणा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश गुप्ता ने बताया कि इस अभियान के शुभारंभ के समय वर्ष 2015 में प्रदेश में जन्म के समय लिंगानुपात 871 था जो वर्ष2019 में बढक़र 923 हो गया है जोकि लिंगानुपात में 52 अंकों की वृद्धि दर्शाता है और यह अपने आप में अभूतपूर्व उपलब्धि है।


जिलावार लिंगानुपात


 सिविल रजिस्ट्रेशन सिस्टम के अनुसार दिसम्बर 2019 तक हरियाणा राज्य में जन्म के समय लिंगानुपात 1,000 पुरुषों पर 923 रहा। 


जिला पंचकूला में लिंगानुपात 963, अम्बाला में 959, पानीपत में 939, जींद में 938, यमुनानगर में 936, हिसार में 932, पलवल में 930, कुरुक्षेत्र में 929, फतेहाबाद में 922, नूह में 921,फरीदाबाद में 921, सिरसा में 920, कैथल में919, रेवाड़ी में 919, महेन्द्रगढ़ में 917, झज्जर में914, सोनीपत में 911, रोहतक में 911, गुरुग्राम में 910, करनाल में 908 और भिवानी में 894 रहा है।


स्टिंग आपरेशन चलाए गए


इस अभियान को कामयाब करने के लिए सीएम कार्यालय में वर्ष 2015 में एक लघु बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ सचिवालय स्थापित किया गया तथा स्टिंग आपरेशन चला कर कन्या भ्रूण हत्या के मामलों को रोकने के लिए पीसी-पीएनडीटी अधिनियम एवं एमटीपी अधिनियम को कड़ाई से लागू किया गया।


डॉ राकेश गुप्ता ने कहा कि राज्य में इस अभियान के शुरू होने से ले कर अब तक रणनीति और हस्तक्षेप के रूप में गत पांच वर्षों में राज्य भर में 730 से अधिक एफआईआर पीएनडीटी/एमटीपी अधिनियम के तहत दर्ज की गई और लगभग 2000 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके अतिरिक्त, पीसी-पीएनडीटी अधिनियम के तहत 200 से अधिक अभियोजन मामले अपराधियों के खिलाफ विभिन्न अदालतों में चल रहे हैं। 


एक लाख रुपए इनाम 


राज्य के किसी भी हिस्से में लिंग जांच और कन्या भ्रूण हत्या से जुड़े मामलों की सूचना देने वालों को एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की योजना भी चलाई जा रही है।